मुंबई पुलिस की तन्मयता, सतर्कता और लगातार किए गए अथक प्रयासों के बाद तीन साल से लापता चल रहा एक 8 वर्षीय बच्चा आखिरकार सकुशल अपने माता-पिता के पास पहुंच गया है. बच्चे के दो अलग-अलग नामों के सामने आने के कारण यह जांच काफी लंबे समय तक उलझी रही थी, लेकिन मुंबई पुलिस ने आधुनिक तकनीक, पुख्ता (Mumbai Child Missing Case) दस्तावेजों और जमीनी स्तर पर की गई सघन जांच की मदद से आखिरकार बच्चे की सही पहचान कर ली और उसे सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया.

 अक्टूबर 2023 में अनाथालय से  लापता हुआ था बच्चा

यह पूरा मामला मुंबई के अंधेरी पूर्व स्थित ‘स्नेह सदन बाल अनाथालय’ से जुड़ा हुआ है. बीते 22 अक्टूबर 2023 को अनीस खान नाम का 8 वर्षीय बच्चा इस अनाथालय से अचानक रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था. अनाथालय के कर्मचारी चंचल प्रसाद नायर द्वारा इस संबंध में एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में बच्चे की गुमशुदगी की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई थी. पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई थी कि लापता होने से ठीक एक दिन पहले इस बच्चे को जुहू चौपाटी के पास भटकते हुए जुहू पुलिस ने बरामद किया था. उस वक्त परिजनों का कोई सुता न मिलने के कारण उसे सुरक्षा की दृष्टि से स्नेह सदन भेज दिया गया था, लेकिन विडंबना यह रही कि वहां पहुंचने के ठीक अगले ही दिन वह फिर से गायब हो गया.

 इस तरह अपनों के पास पहुंचा बच्चा

गहन छानबीन के दौरान मटुंगा के एक किशोर सुधार गृह में ‘अमन शेख’ के नाम से रह रहे एक बच्चे की शारीरिक बनावट और तस्वीर लापता बच्चे अनीस से हूबहू मिलती-जुलती पाई गई. बिना देर किए पुलिस ने (Mumbai Child Missing Case) यह तस्वीर मालवानी क्षेत्र में रह रहे उसके रिश्तेदारों को दिखाई, जिन्होंने तस्वीर देखते ही तुरंत उसे अपना भतीजा पहचान लिया. इसके बाद पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा कर बच्चे की पहचान की आधिकारिक पुष्टि की और अंततः उसे उसके वास्तविक माता-पिता को सौंप दिया.

Share.
Exit mobile version