पाकुड़/गुरूग्राम : राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इंडियन आइकन अवॉर्ड्स 2026 में पाकुड़ के प्रख्यात समाजसेवी डॉ. इंद्रजीत घोष को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान (lifetime achievement award) उन्हें सामाजिक सेवा, जनजागरूकता, स्वास्थ्य और मानवता के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान के लिए प्रदान किया गया।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस सम्मान समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, उद्यमिता, सामाजिक सेवा तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले देशभर के चुनिंदा व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। डॉ. इंद्रजीत घोष को यह सम्मान 1983 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य एवं पूर्व भारतीय क्रिकेटर संदीप पाटिल के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. इंद्रजीत घोष ने इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताते हुए आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके सामाजिक दायित्वों को और अधिक प्रतिबद्धता के साथ निभाने की प्रेरणा देगा तथा भविष्य में भी वे जनसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखेंगे।

lifetime achievement award – डॉ. इंद्रजीत घोष की इस उपलब्धि से पाकुड़ जिले में हर्ष का माहौल है। सामाजिक संगठनों, चिकित्सकों, बुद्धिजीवियों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय भी है। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान पाकुड़ का नाम भी देशभर में गौरवान्वित करने वाला माना जा रहा है।

Share.
Exit mobile version