आजमगढ़/नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुये कहा कि देश में हो रहा चहुंतरफा विकास जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों की नींद उड़ा रहा है। आजमगढ़ से 34 हजार 700 करोड़ रुपये की 782 विकास परियोजनाओ का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुये श्री मोदी ने कहा, “2024 में भी किए जा रहे शिलान्यासों को भी कोई चुनाव के चश्मे से न देखे, ये विकास के लिए मेरी अनंत यात्रा का परिणाम है। मैं 2047 तक, (Modi On Casteism And Appeasement) देश को विकसित भारत बनाने के लिए तेज गति से दौड़ रहा हूं और देश को तेज गति से दौड़ा रहा हूं।”
इसे भी पढ़ें – Lok Sabha Election के लिए AAP के चुनावी अभियान की हुई शुरुआत
उन्होने कहा कि देश की जनता से मिल रहा असीम प्यार जातिवाद, परिवारवाद और वोटबैंक के भरोसे बैठे इंडी गठबंधन की नींद उड़ा रहा है। पूर्वांचल ने दशकों तक जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति देखी है और पिछले 10 वर्षों से ये क्षेत्र विकास की राजनीति भी देख रहा है। यहां के लोगों ने माफियाराज और कट्टरपंथ के खतरों को भी देखा है और अब यहां की जनता कानून का राज भी देख रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज केवल आजमगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ यहां से हो रहा है। जिस आजमगढ़ को देश के पिछड़े इलाकों में गिनते थे, आज वही देश के लिए विकास का नया अध्याय लिख रहा है। आज आजमगढ़ से कई राज्यों में करीब 34 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है।” किसानों को आज पहले की तुलना में कई गुना बढ़ी हुई एमएसपी दी जा रही है। गन्ना किसानों के लिए भी इस साल लाभकारी मूल्य में आठ फीसदी की वृद्धि की गई है। अब गन्ने का लाभकारी मूल्य 315 रुपये से बढ़कर 340 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है।
इसे भी पढ़ें – राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुजरात पहुंची, मोदी सरकार पर साधा निशाना
Modi On Casteism And Appeasement – श्री मोदी ने कहा, “परिवारवादी लोग मोदी को लगातार गाली दे रहे हैं। ये लोग कह रहे हैं कि मोदी का अपना परिवार नहीं है। ये लोग भूल जाते हैं कि मोदी का परिवार देश की 140 करोड़ जनता है। इसीलिए जनता ही कह रही है- मैं हूं मोदी का परिवार.।”उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे-जैसे विकास की बुलंदियों को छू रहा है, तुष्टिकरण का जहर भी कमजोर पड़ रहा है। पिछले चुनाव में आजमगढ़ की जनता ने भी दिखा दिया कि परिवार के लोग जहां अपना गढ़ समझते थे, वो भी ढह चुके हैं।

