महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से नशीले पदार्थों की अवैध खेती का एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अक्कलकोट दक्षिण थाना पुलिस ने आलगी गांव में स्थित एक गन्ने के खेत में योजनाबद्ध छापेमारी (Maharashtra Cannabis Bust) कर गांजे की बड़े पैमाने पर हो रही खेती को बेनकाब किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने खेत से गांजे के 240 विशाल पौधे बरामद किए। जब्त किए गए गांजे का कुल वजन 212 किलोग्राम आंका गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 5 लाख 55 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने इस अवैध कारोबार के आरोप में 60 वर्षीय खेत (Maharashtra Cannabis Bust) मालिक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
अक्कलकोट दक्षिण पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार घुगे को गुप्त सूचना मिली थी कि आलगी गांव निवासी मल्लप्पा बिराजदार अपने गन्ने के खेत के बीचों-बीच गांजे की फसल उगा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने खेत की घेराबंदी कर अचानक सघन तलाशी अभियान शुरू किया। गन्ने की लंबी फसल की आड़ में छिपाकर लगाए गए गांजे के 240 पौधे बरामद किए गए, जिनमें से कई पौधों की ऊंचाई लगभग 12 फीट तक पहुंच चुकी थी।
लातूर में भी सामने आया था ऐसा ही मामला
महाराष्ट्र में गन्ने की फसल की आड़ में गांजा उगाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले सितंबर माह में ही लातूर जिले की शिरूर अनंतपाल तहसील के बुजरुगवाडी गांव में स्थानीय अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई की थी। लातूर में भी गन्ने के खेत से गांजे के 7 विशाल हरे पौधे बरामद किए गए थे, जिनका वजन 46 किलो 875 ग्राम और अनुमानित कीमत 23 लाख 43 हजार 750 रुपये थी।
