गुमला: जिले में एक 13 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इसके साथ ही नाबालिग के साथ बुरी तरह मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है। परिजनों ने चार-पांच अज्ञात युवकों पर उसे अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। बच्ची की हालत बिगड़ते देख चिकित्सकों ने शुक्रवार को उसे सदर अस्पताल गुमला से रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया। नाबालिग की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और (brutality in Gumla) वह फिलहाल घटना के संबंध में कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है।
brutality in Gumla – परिजनों के अनुसार, गुरुवार की शाम करीब पांच बजे नाबालिग अचानक लापता हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि कुछ युवक उसे अपने साथ जबरन ले गए थे। रात करीब सात बजे कुछ युवक उसे घर के समीप छोड़कर फरार हो गए। उस समय नाबालिग की हालत बेहद खराब थी और उसके शरीर पर कई चोट के गहरे निशान भी थे। इसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गए। पहले उसे कोलेबिरा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस कर रही है मामले की गहन जांच
इधर, इस पूरे मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि उसे शुरुआती तौर पर नाबालिग के साथ मारपीट की घटना की सूचना मिली है। सामूहिक दुष्कर्म की औपचारिक शिकायत फिलहाल पुलिस के समक्ष नहीं पहुंची है। हालांकि, पुलिस गांव जाकर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटाने की तैयारी कर रही है। मामले की जांच और नाबालिग के होश में आने के बाद उसके बयान के आधार पर ही घटना की वास्तविक स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी।


