सीकर: राजस्थान में सीकर जिले की खाटूश्यामजी नगरपालिका अध्यक्ष (Rajasthan Politics) पद के चुनाव का परिणाम शनिवार को जारी कर दिया गया। कांग्रेस कीMrs विनीता पुनिया ने भाजपा की प्रेम देवी को महज एक वोट से हराकर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। राजस्थान हाई कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए शनिवार सुबह नगरपालिका सभागार में 19 मतों की मतगणना कर परिणाम घोषित किया गया। इसे बीजेपी के लिए करारी हार के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि खाटू श्यामजी एक प्रमुख धार्मिक नगरी है। इस हार से पहले पार्टी उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान अयोध्या सीट भी हार चुकी थी।
20 में से 19 पार्षदों ने किया था मतदान, एक रहीं अनुपस्थित
जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर को दोपहर दो बजे तक (Rajasthan Politics) नगरपालिका के 20 पार्षदों में से 19 पार्षदों ने अध्यक्ष पद के लिए मतदान किया था, जबकि पार्षद लक्ष्मी देवी मतदान से अनुपस्थित रही थीं। मतदान के बाद मतपेटी को पुलिस थाने में बनाए गए स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच सुरक्षित रखा गया था।
कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल, आज होगा उपाध्यक्ष पद का चुनाव
मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए डीवाईएसपी राजेश कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल (जाप्ता) तैनात रहा। परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस समर्थकों में भारी खुशी का माहौल देखने को मिला और उन्होंने एक-दूसरे को बधाई दी। अब नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव रविवार को संपन्न कराया जाएगा।


