रांची : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ बुधवार को वोट करने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचे। माही को देखने के लिए मतदान (Jharkhand Assembly Election 2024) केंद्र पर भारी भीड़ उमड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह धोनी और उनके पूरे परिवार ने हटिया विधानसभा के बूथ नंबर 380 पर दोपहर बाद वोट किया है। इस दौरान महेंद्र सिंह धोनी के साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों में काफी उत्सुकता दिखी। महेंद्र सिंह धोनी झारखंड विधानसभा चुनाव के ब्रांड एम्बेसडर भी हैं।
इसे भी पढ़ें – झारखंड नया इतिहास रचने को तैयार, NDA सरकार के शपथ ग्रहण में उपस्थित रहूंगा : PM Modi
पहले चरण के चुनाव के जिन प्रमुख प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है, उनमें पूर्व सीएम चंपई सोरेन, झारखंड सरकार के छह मंत्रियों डॉ रामेश्वर उरांव, मिथिलेश ठाकुर, बन्ना गुप्ता, दीपक बिरुआ, बैद्यनाथ राम और रामदास सोरेन, पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा, ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की बहू पूर्णिमा दास साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी सिंह, पूर्व मंत्री सरयू राय, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे पूर्व आईपीएस डॉ अजय कुमार, राज्यसभा की सांसद डॉ महुआ माजी और पूर्व सीएम मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा शामिल हैं।