धनबाद : जिले के टुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 24 वर्षीय युवक अपनी मांगों को लेकर अचानक एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की मांग थी कि उसकी सीधी बातचीत प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक से कराई जाए। रिहायशी इलाके में युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने (high voltage drama) की खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
यह पूरा मामला टुंडी थाना क्षेत्र के लछु रायडीह पंचायत स्थित बादलपुर काजी टोला का है। स्थानीय निवासी जाहिद अंसारी (उम्र 24 वर्ष) गुरुवार सुबह लगभग 8:00 बजे अप्रत्याशित रूप से मोबाइल टावर के शीर्ष पर चढ़ गया। टावर से नीचे उतरने के लिए उसने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष शर्त रखी कि उसकी तत्काल मुख्यमंत्री और विधायक जयराम महतो से सीधी बात कराई जाए।
पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
सूचना मिलते ही टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके (high voltage drama) पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवक से लगातार संवाद स्थापित किया और उसे समझाया कि इस तरह जान जोखिम में डालना गैरकानूनी और घातक है। पुलिस द्वारा यह भरोसा दिए जाने के बाद उसे विधिवत प्रक्रिया के तहत रांची ले जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कराई जाएगी, युवक शांत हुआ और काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतरने को तैयार हुआ।
