देहरादून : उत्तराखंड के मौसम विभाग ने प्रदेश के लिए रेड अलर्ट (Heavy Rain Warning) जारी किया है। इसमें पूरे प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है, जिसमें आगामी पांच दिनों तक कहीं-कहीं मध्यम से बहुत भारी बारिश की संभावना जतायी है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह चौहान ने मौसम के पांच दिनी पूर्वानुमान में अधिकांश स्थलों पर हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपदों में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। यह क्रम 25-26 जून को भी जारी रहेगा जबकि 28 जून तक पूरे प्रदेश में बारिश होगी।
इसे भी पढ़ें – पिथौरागढ़ में श्रद्धालुओं का वाहन खाई में गिरने से 10 श्रद्धालुओं की मौत
Heavy Rain Warning – उन्होंने चेतावनी दी है कि भारी से बहुत भारी बारिश निचले क्षेत्रों के लिए समस्या पैदा कर सकती है। इसी संबंध में राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र ने कहा है कि नदियों का जल स्तर बढ़ रहा है। इससे सभी को सावधान रहने की आवश्यकता है। खासकर तीर्थयात्रियों को। चारधाम यात्रियों की संख्या शुक्रवार को 34296 थी। अब तक चारधाम में 3117454 तीर्थ यात्री दर्शन कर चुके हैं। 148 व्यक्ति यात्रा में बीमारी, दुर्घटना और अन्य कारणों से अपना प्राणोत्सर्ग कर चुके हैं।
इसे भी पढ़ें – प्रधानमंत्री ने अमेरिका में बढ़ाया उत्तराखंड का मान : मुख्यमंत्री
इसी अवधि में धूमाकोट में तीन एमएम बारिश हुई। रुड़की में 17 एमएम, भगवानपुर में 20 एमएम, लक्सर में 2 एमएम, रोशनाबाद में 8 एमएम, जागेश्वर में 11.5 एमएम, ऋषिकेश में 5 एमएम, करनपुर में 8 एमएम, मोहकमपुर में 14.1, जौलीग्रांट में 37 एमएम, यूकास्ट में 34.5 एमएम, बनबसा में 62 एमएम बारिश हुई है। आगामी दिनों में बारिश में और भी बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के निदेशक ने चारधाम यात्रियों, किसानों और निचले स्थानों पर रहने वाले लोगों को सचेत करते हुए कहा है कि नदियों के प्रवाह वाले क्षेत्रो में सावधानी बरतनी आवश्यक है।

