शामली : जिले में ताबड़तोड़ गोलियां लगने से जान गंवाने वाले मशहूर हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान कुछ महीने पूर्व हरियाणा छोड़कर अपने पैतृक गांव में रह रहे थे और आगामी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की सक्रिय तैयारी कर रहे थे। बालियान के परिजनों ने आशंका जताई है कि इस नृशंस हत्या (haryanvi singer shot dead) के पीछे हरियाणा से जुड़ा कोई पुराना विवाद हो सकता है और हत्या को सोनीपत के हमलावरों ने ही अंजाम दिया है।
‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गीत से मिली थी पहचान
परिजनों के अनुसार, बालियान पूर्व में कुशल कबड्डी खिलाड़ी थे, किंतु पैरों में आई समस्या के कारण उन्होंने खेल से दूरी बना ली और वर्ष 2022 में यूट्यूब पर अपना आधिकारिक चैनल शुरू किया। उन्होंने (haryanvi singer shot dead) अपने चैनल पर ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ सहित कई लोकप्रिय हरियाणवी गीत गाए, जिन्हें दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला। कुछ समय सोनीपत में रहने के उपरांत पिछले करीब आठ महीनों से शामली स्थित अपने पैतृक गांव बंतीखेड़ा में आकर रहने लगे थे और नियमित रूप से जिम जाते थे।
गोगी गैंग द्वारा हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा
परिजनों के अनुसार, हरियाणा के कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े एक गुर्गे ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली है, हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उनके शरीर से 8 गोलियां निकाली गईं—जिनमें 3 गोलियां सिर में, 3 हाथ में, 1 पेट में और 1 पैर में लगी थीं। बालियान का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बंतीखेड़ा में ही संपन्न कराया जाएगा।


