रांची : राजधानी रांची में ईश्वर के प्रकोप का भय दिखाकर और दर्शन कराने का प्रलोभन देकर बुजुर्ग महिलाओं को अपना शिकार बनाने वाला शातिर गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि नगर में ठगों ने एक 62 वर्षीय महिला को अपनी बातों में उलझाकर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के (Ranchi Crime News) आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के संबंध में पीड़िता रेणु कुशवाहा ने सुखदेवनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए नामजद एफआईआर कराई है।
यह घटना 3 सितंबर की सुबह करीब 9:00 बजे घटी, जब पीड़िता पास के मंदिर से पूजा-अर्चना कर अपने घर पैदल लौट रही थीं। वाल्मीकि नगर के समीप रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया और बातचीत शुरू कर दी। पीड़िता दिवंगत जेल अधीक्षक की पत्नी हैं, जिन्हें अकेला पाकर आरोपी ने सुनियोजित तरीके से अपना निशाना बनाया।
गहनों पर मंत्र पढ़कर अभिमंत्रित करने का दिया झांसा
आरोपी ने स्वयं को अयोध्या से आया हुआ सिद्ध पंडित बताया और महिला को धार्मिक बातों में उलझा लिया। उसने महिला को झांसा दिया कि उनके ऊपर संकट मंडरा रहा है और वह उनके गहनों पर विशेष मंत्र पढ़कर उन्हें पूरी तरह सुरक्षित और दोषमुक्त कर सकता है। आरोपी के चिकनी-चुपड़ी बातों और धार्मिक झांसे में आकर महिला ने अपने गले की सोने की चेन और हाथों के कंगन उतारकर उसे सौंप दिए।
10 कदम आगे जाइए, हनुमान जी दिखेंगे
गहने अपने कब्जे में लेने के बाद आरोपी ने महिला से कहा कि वे सीधे 10 कदम (Ranchi Crime News) आगे जाएं और पीछे मुड़कर देखें, तब उन्हें साक्षात पवनपुत्र हनुमान जी के दिव्य दर्शन होंगे। महिला जैसे ही 10 कदम आगे बढ़कर वापस मुड़ीं, शातिर आरोपी सारे आभूषण समेटकर वहां से भाग निकला। आसपास काफी खोजबीन करने के बाद जब वह व्यक्ति कहीं दिखाई नहीं दिया, तब पीड़िता को अहसास हुआ कि वे एक बड़े पाखंडी ठग का शिकार हो चुकी हैं।


