लुधियाना : विदेश से पंजाब आई एक प्रवासी भारतीय (NRI) युवती के साथ लुधियाना के सुप्रसिद्ध ‘होटल रेडिसन ब्लू’ के कमरे में ढोंगी पंडित द्वारा दुष्कर्म का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पंडित ने धार्मिक पूजा अनुष्ठान के बहाने पीड़िता की माता और छोटे भाई को चालाकी से कमरे से बाहर भेज दिया। इसके पश्चात कमरे में अकेली बची युवती को ‘शरीर में भूत-प्रेत का साया होने’ का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। पीड़िता (attempt to rape) किसी प्रकार आरोपी के चंगुल से स्वयं को बचाकर बाहर भागी और स्वजनों को आपबीती सुनाई।
पुलिस को दिए बयानों में पीड़िता ने बताया कि वह वर्तमान में कनाडा में निवास करती है और हाल ही में पंजाब आई है। उसने अपनी माता कविता नारंग तथा छोटे भाई की सुख-समृद्धि एवं कल्याण हेतु विशेष पूजा का आयोजन रखा था। इसके लिए उन्होंने फिरोजपुर रोड स्थित होटल रेडिसन ब्लू में एक कमरा बुक किया था, जहाँ पूजा संपन्न कराने हेतु पंडित राहुल सूद को आमंत्रित किया गया था।
attempt to rape – पीड़िता के अनुसार, पूजा प्रारंभ होने से पूर्व आरोपी पंडित ने षड्यंत्र के तहत उसकी मां को पूजा सामग्री लाने बाहर भेज दिया और भाई को भी बाहर बैठने को कह दिया। एकांत पाते ही आरोपी की नीयत बिगड़ गई और उसने युवती से कहा— “तेरे अंदर 2 भूत हैं, मैं उन्हें तेरे शरीर से बाहर निकाल दूंगा।” यह कहकर उसने ढोंग रचाया और युवती के दोनों हाथ जबरन दबोचकर अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
आरोपी की दुर्भावना को भांपते ही युवती ने अपनी पूरी शक्ति लगाकर खुद को आरोपी पंडित के चंगुल से छुड़ाया और बदहवास स्थिति में कमरे से बाहर भागी। बाहर आकर उसने अपनी मां और भाई को आरोपी की इस घिनौनी करतूत से अवगत कराया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पंडित राहुल सूद के खिलाफ महिला से छेड़छाड़, जबरन दुष्कर्म का प्रयास करने और धार्मिक आस्था का अनुचित लाभ उठाकर धोखाधड़ी करने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
