देहरादून : वर्षा प्रभावित हिमाचल प्रदेश को मदद की पेशकश करने वाले (AAP On Dhami ) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर यश बटोरने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कहा कि उन्हें अपने प्रदेश में भी लगातार बारिश से हो रहे भारी नुकसान पर गंभीरता दिखानी चाहिए। आप के प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड पिछले एक सप्ताह से भारी बरसात के कारण भूस्खलन, मार्ग बंद होने, बाढ़ आने, सड़कों और मकानों के बहने, नदियों का जल स्तर बढ़ने तथा आबादी क्षेत्रों में जल भराव जैसी परेशानियों से जूझ रहा है और इनकी वजह से लोगों की जान भी जा रही है।

इसे भी पढ़ें – जल प्रलय से तीर्थनगरी में दिखा गंगा का रौद्ररूप, AIIMS की इमरजेंसी और सरकारी अस्पताल में घुसा पानी

यहां जारी एक बयान में उन्होंने कहा लेकिन हमारे मुख्यमंत्री जी अपने राज्य की सुध लेने की बजाय हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को आपदा में मदद की पेशकश की खबर का प्रचार कर रहे हैं। आश्चर्य होता है कि ऐसा करके मुख्यमंत्री जी क्या यह संदेश देना चाहते हैं कि उत्तराखंड में सब ठीक है?  बिष्ट ने कहा कि प्रदेश में एक सप्ताह में अतिवृष्टि के कारण हुई घटनाओं में दो दर्जन से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई है और पिछले दो दिनों में ही करीब डेढ़ दर्जन लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

इसे भी पढ़ें – चमोली में जुम्मागाड़ नदी में बाढ़ से पुल बहा, एक दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क टूटा

AAP On Dhami – उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पहाड़ में आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करने की बजाय हिमाचल प्रदेश की आपदा और देहरादून के आईएसबीटी क्षेत्र के जलभराव के निरीक्षण के प्रति ज्यादा चिंतित है। बिष्ट ने कहा कि धामी उत्तराखंड के लोगों के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वाह करने की बजाय यश बटोरने पर और अपने प्रचार पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर पूरी तरह से विफल होने का आरोप भी लगाया और कहा कि उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी और अधिकारी उनकी बात नहीं सुन रहे हैं और इसलिए उन्हें स्वयं सब जगह दौड़ लगानी पड़ रही है।

Share.
Exit mobile version