बरेली : जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तजुआ गांव में शादी के महज (Bareilly Crime News) पांच महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
Bareilly Crime News – घर के टीनशेड में लगे कुंडे से विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही रोते-बिलखते मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने ससुराल वालों पर कम दहेज मिलने का ताना देकर बेटी को लगातार प्रताड़ित करने और अंततः उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का सीधा आरोप लगाया है।
बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र स्थित अहमदाबाद गांव निवासी किसान राम सिंह ने अपनी पुत्री संगीता का विवाह 22 अप्रैल 2026 को भोजीपुरा के तजुआ निवासी धारा सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से किया था। पिता का आरोप है कि विवाह के कुछ ही दिनों बाद से ससुरालियों ने कम दहेज का उलाहना देकर संगीता के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी थी। पीड़िता ने कई बार मायके फोन कर अपने दर्द की दास्तान सुनाई थी, जिसके बाद पिता ने ससुराल जाकर समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला बंद नहीं हुआ।
दहेज हत्या की गंभीर धाराओं में 5 नामजद आरोपियों पर FIR
मृतका के पिता राम सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर भोजीपुरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुसंगत धाराओं में नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। दर्ज प्राथमिकी में पति धारा सिंह, ससुर जगदीश सिंह, ननद सुदामा, रजनी (पत्नी संतोष कुमार) और संतोष कुमार (निवासी करमपुर चौधरी, इज्जतनगर) को आरोपी बनाया गया है।


