सहारनपुर/शामली : सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद पर शनिवार तड़के शुरू हुई प्रशासनिक ध्वस्तीकरण कार्रवाई के बीच कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन को पुलिस ने देर रात उनके आवास पर हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर लिया। सांसद इकरा हसन विवादित स्थल पर पहुंचने की तैयारी में थीं, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देते हुए प्रशासन ने उनके आवास पर भारी पुलिस बल तैनात कर उन्हें बाहर (MP Iqra Hasan house arrest) निकलने से रोक दिया। नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के भी सहारनपुर पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है।
6 मशीनों से मस्जिद का ढांचा जमींदोज
शुक्रवार रात से ही शहर में कलेक्ट्रेट मस्जिद को हटाए जाने की चर्चाएं जोरों पर थीं। शनिवार तड़के करीब 4 बजे प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों की मौजूदगी में 6 बुलडोजर कलेक्ट्रेट (MP Iqra Hasan house arrest) परिसर में दाखिल हुए और ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई। सुबह होते-होते मस्जिद के एक बड़े हिस्से को जमींदोज कर दिया गया और पूरे ढांचे को हटाने का काम तेज गति से जारी रहा।
पूरे सहारनपुर जिले में हाई अलर्ट
किसी भी प्रकार के तनाव या विरोध-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। संवेदनशील इलाकों में पीएसी (PAC) और रैपिड एक्शन फोर्स (RRF) की अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गई हैं। सपा विधायक आशु मलिक और सपा एमएलसी शाहनवाज खान समेत कई जनप्रतिनिधि रात में कलेक्ट्रेट पहुंचे, लेकिन उन्हें मुख्य द्वार पर ही रोक दिया गया।
2 सितंबर को जिला जज ने खारिज की थी अपील
16 जुलाई 2026 को सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह की अदालत ने विवादित भूमि को सरकारी संपत्ति करार देते हुए मस्जिद को अवैध निर्माण माना था और 30 दिन में खाली करने का आदेश दिया था। साथ ही ₹6,41,65,565 का हर्जाना भी लगाया था। इस आदेश के विरुद्ध मस्जिद पक्ष ने जिला अदालत में अपील दाखिल की, जहां कुल 17 तारीखों पर गहन सुनवाई हुई।


