देहरादून/हल्द्वानी: उत्तराखंड में हल्द्वानी शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर उपजे सियासी तनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने संगठन और चुनावी तैयारियों को नई धार देनी शुरू कर दी है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन 9 सितंबर से राज्य के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे हल्द्वानी से लेकर रुद्रपुर तक पार्टी के सांगठनिक ढांचे की समीक्षा करेंगे और विभिन्न सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति पर काम करेंगे।
BJP’s election campaign – नितिन नवीन दौरे के पहले दिन हल्द्वानी में प्रदेश कोर कमेटी की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में जमीनी संगठन, बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनावी रणनीति की समग्र समीक्षा की जाएगी। दूसरे दिन वे रुद्रपुर पहुंचेंगे, जहां पूर्व सैनिकों की एक विशाल जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इसके साथ ही वे स्थानीय सिख समुदाय के प्रबुद्ध नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे।
हल्द्वानी में गहराया शुद्धिकरण विवाद
हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के उपरांत कथित तौर पर गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण किए जाने के मामले ने बड़ा राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस का आरोप है कि इस अपमानजनक कृत्य के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने अब तक कोई कानूनी कार्रवाई या एफआईआर दर्ज नहीं की है। कांग्रेस पूरे प्रकरण को दलित स्वाभिमान और सामाजिक न्याय पर हमला बताते हुए उत्तराखंड सहित देश के कई राज्यों में व्यापक विरोध प्रदर्शन कर रही है।


