गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में 10 साल की एक मासूम बच्ची के अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या करने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। इस जघन्य अपराध में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूपी पुलिस की डायल-112 सेवा में तैनात आरोपी सिपाही अभिषेक यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की (10 year old innocent murdered) निशानदेही पर गुरुवार को पुलिस ने चिऊटहा पुल के पास नदी से बच्ची का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
10 year old innocent murdered – पीड़ित परिवार मूल रूप से आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज क्षेत्र का निवासी है और पिछले चार वर्षों से गोरखपुर में किराए का मकान लेकर रह रहा है। बच्ची के पिता ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करते हैं। उनकी 13 वर्षीय बड़ी बेटी बीमार होने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती थी। 28 जुलाई की रात करीब 10 बजे 10 वर्षीय छोटी बच्ची अपनी बड़ी बहन के लिए घर से खाना लेकर जिला अस्पताल गई थी। खाना देकर जब वह अकेले पैदल घर लौटने लगी, तो काफी देर बीत जाने के बाद भी घर नहीं पहुंची। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पिता ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने अस्पताल परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बच्ची अस्पताल से अकेली पैदल निकलती हुई दिखाई दी, जिसके पीछे एक पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल से आता है और बच्ची को बहला-फुसलाकर अपनी बाइक पर बैठा लेता है। मोटरसाइकिल के नंबर की पड़ताल करने पर आरोपी की पहचान डायल-112 में तैनात सिपाही अभिषेक यादव के रूप में हुई। बुधवार देर रात पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने हत्या कर शव को नदी में फेंकने की बात स्वीकार की।


