ओपनएआई (OpenAI) 18 साल से कम उम्र के यूज़र्स के लिए चैटजीपीटी (ChatGPT) को ज्यादा सुरक्षित बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। कंपनी इसके लिए नए ‘टीन फीचर्स’ के साथ एक (child safety blueprint) ‘चाइल्ड सेफ्टी ब्लूप्रिंट’ लेकर आई है, जो बच्चों को एआई का सुरक्षित व जिम्मेदार इस्तेमाल सिखाने और इसके गलत उपयोग को रोकने का काम करेगा।
child safety blueprint – एआई जरूरत पड़ने पर यूज़र को ब्रेक लेने की सलाह देगा, पढ़ाई के दौरान सीधे जवाब देने के बजाय स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया समझाएगा और संवेदनशील कंटेंट पर पहले से अधिक सख्त सुरक्षा मानक लागू करेगा। इसके साथ ही पेरेंट्स को भी कुछ विशेष कंट्रोल्स मिलेंगे, जिनकी मदद से वे बच्चों के एआई इस्तेमाल पर नजर रख सकेंगे। इसके तहत चैटजीपीटी में नए सेफ्टी फीचर्स, पैरेंटल कंट्रोल और एडवांस्ड स्टडी मोड जैसे महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं।
18 साल से कम उम्र के यूज़र्स के लिए अलग होगा ChatGPT एक्सपीरियंस
ओपनएआई ने बताया कि 18 साल से कम उम्र के यूज़र्स के लिए चैटजीपीटी में विशेष टीन फीचर्स जोड़े जा रहे हैं। यदि सिस्टम को यह पता चलता है कि यूज़र की उम्र 18 साल से कम है, तो उसे अपने आप ‘टीन एक्सपीरियंस मोड’ में भेज दिया जाएगा। इस मोड में पहले से ज्यादा सुरक्षा दी जाएगी ताकि बच्चे एआई का जिम्मेदारी से इस्तेमाल कर सकें। कंपनी का कहना है कि उसका उद्देश्य बच्चों को एआई तकनीक से दूर रखना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित और रचनात्मक तरीके से इसका उपयोग करना सिखाना है।


