रांची : केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, आसमान छूती महंगाई और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों के विरोध में बुधवार को झारखंड की राजधानी रांची में सियासी पारा चढ़ गया। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विशेष आह्वान पर ‘प्रोफेशनल कांग्रेस’ के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रांची के (congress’s ruckus against inflation) लोकभवन (पूर्व में राजभवन) के मुख्य द्वार के समक्ष एक विशाल एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।
धरनास्थल पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस हालिया बयान पर कड़े सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने देश के नागरिकों से अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने और पेट्रोल व डीजल का कम से कम इस्तेमाल करने की अपील की थी। केशव महतो कमलेश ने तीखे लहजे में कहा कि केंद्र सरकार देश की अर्थव्यवस्था को संभालने और अपने बुनियादी दायित्वों को निभाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। यही वजह है कि आज देश भर में आर्थिक त्राहिमाम की स्थिति बनी हुई है।
congress’s ruckus against inflation – उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ तो सरकार आम जनता से हर चीज में कटौती और बचत करने की अव्यावहारिक अपील कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सरकार के रसूखदार मंत्री खुद सरकारी संसाधनों का धड़ल्ले से दुरुपयोग कर रहे हैं। केंद्र सरकार महंगाई की रफ्तार को रोकने में पूरी तरह नाकाम रही है, जिससे गरीबों को दो वक्त की रोटी का इंतजाम करने में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस इस जनविरोधी नीति के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज पुरजोर तरीके से उठाती रहेगी।


