पंजाब के पटियाला जिले में राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCCI) की रेलवे लाइन पर कल रात बड़ा धमाका हो गया. SSP का कहना है कि धमाके वाली जगह से एक शव बरामद किया गया है. पिछले 4 महीने में दूसरी बार कॉरिडोर पर धमाका करके ट्रैक को उड़ाने की साजिश नाकाम हो गई. इससे (Punjab terror alert) पहले फतेहगढ़ साहिब के नजदीक इसी कॉरिडोर पर 23-24 जनवरी की आधी रात को भी धमाका किया गया था. ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह कॉरिडोर अब आतंकियों के निशाने पर आ गया है?
Punjab terror alert – पहले फतेहगढ़ साहिब और अब पटियाला में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के रेलवे ट्रैक को उड़ाने की कोशिश सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े तो करता ही है, साथ ही यह आशंका भी जताई जा रही है यह कॉरिडोर आतंकियों के निशाने पर आ गया है और वे इसे उड़ाने की साजिश में लगे हैं. पटियाला से पहले फतेहगढ़ साहिब के नजदीक इसी कॉरिडोर पर 23-24 जनवरी की दरमियानी रात को भी बड़ा धमाका किया गया था.
12 फीट तक ट्रैक को पहुंचा नुकसान
तब खानपुर गांव के पास रात 11 बजे हुए इस धमाके ने रेल पटरी को क्षतिग्रस्त कर दिया था. इस दौरान वहां से गुजर रही मालगाड़ी के इंजन को भी नुकसान पहुंचा था, जिससे लोको पायलट घायल हो गया. धमाके की वजह से 12-15 फीट तक पटरी उखड़ गई और मालगाड़ी के इंजन को नुकसान पहुंचा था. धमाके के बाद प्राथमिक जांच में 12 फीट ट्रैक को नुकसान होने की पुष्टि हुई थी.


