NIA searched Harjeet's house for 9 hours

गांव भड़ोलांवाली में हरजीत सिंह के घर पर जांच पूरी करके लौटती एनआईए टीम की गाड़ियां।

विस्तार

एनआईए की टीम ने गांव भड़ोलांवाली में हरजीत सिंह के घर बुधवार अलसुबह छापा मारा। 15 सदस्यीय टीम ने हरजीत सिंह व उसके परिजनों से काफी देर तक पूछताछ की। इसके अलावा घर की तलाशी भी ली गई। परिजनों के मोबाइल लेकर उनकी डिटेल भी खंगाली गई।

एनआईए की जांच करीब नौ घंटे तक चली। हालांकि हरजीत सिंह का फतेहाबाद पुलिस के पास कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। खुद ग्रामीण हरजीत सिंह की पैरवी करते नजर आए। छापे के दौरान हरजीत सिंह के घर के आसपास किसी को नहीं जाने दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक खालिस्तानी गैंगस्टर अर्शदीप उर्फ अर्श डल्ला से हरजीत सिंह का कनेक्शन जुड़ा है। पंजाब में आर्म्स एक्ट के मामले में भी पंजाब पुलिस हरजीत सिंह से पूछताछ कर चुकी है। कुछ समय पहले उत्तराखंड में हुए बहुचर्चित हत्याकांड में शामिल शूटरों को हरजीत सिंह ने अपने पास आश्रय दिया था।

इसके बारे में उत्तराखंड पुलिस ने हरजीत सिंह पर कार्रवाई की थी। बताया जा रहा है कि खालिस्तानी गैंगस्टर अर्श डल्ला के बारे में जुटाई गई जानकारियों के जरिये अब एनआईए हरजीत सिंह और अर्श डल्ला के संबंधों की गहराई के सुबूत खंगाल रही है। टारगेट किलिंग को अंजाम देने वाले शूटरों को शेल्टर देने से लेकर पंजाब में आर्म्स एक्ट के मामलों से कनेक्शन के संबंध में एनआईए ने पूरी पूछताछ हरजीत सिंह से की है। इस दौरान महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहीं।

ग्रामीणों ने मीडिया को नहीं करने दी कवरेज

ग्रामीणों ने एनआईए की छापे की कार्रवाई के दौरान मीडिया को कवरेज करने से रोके रखा। हरजीत सिंह के घर से करीब 100 मीटर दूरी पर ही मुख्य गली के पास ग्रामीणों ने मीडियाकर्मियों को रोके रखा। दोपहर 12.30 बजे के एनआईए टीम चली गई। इसके बाद मीडियाकर्मियों को हरजीत सिंह के घर जाने दिया गया।

हरजीत का घर आलीशान नहीं, लेकिन लगे थे सीसीटीवी

गांव में स्थित हरजीत सिंह का घर आलीशान नहीं है। सामान्य सा ही घर बना हुआ है। घर के अंदर सीसीटीवी लगे हुए हैं। परिवार का मूल काम खेतीबाड़ी का ही है। हरजीत सिंह व उसकी पत्नी के अलावा परिवार में माता-पिता ही हैं। ग्रामीण हरजीत व उनके परिवार की किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता से इन्कार कर रहे हैं। एनआईए की टीम ने जांच पूरी होने के बाद सरपंच राजेश बैनीवाल को भी हरजीत सिंह के घर बुलाया। सरपंच से भी उसके व परिवार के बारे में जानकारी ली गई।

सानू नहीं पता किन्ने शिकायत किती

बाद में हरजीत सिंह के पिता ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि सानू नहीं पता किन्ने हरजीत दी शिकायत किती है। साडा मुंडा तां नॉर्मल ही रहंदा है। एनआईए दी टीम ने साडे वल्लों जो सवाल कितै, ओनां दा जवाब दे दीता है। बाकी 9 तारीख नूं साढ़े 12 बजे दिल्ली बुलाया है, ओथे कि करणा है, ओ ही दस सकदे नै।

ग्रामीण हरजीत सिंह का परिवार सामान्य ही है। हरजीत अक्सर गांव में ही रहता है। इसका व्यवहार गांव में बहुत अच्छा है। एनआईए की टीम ने मुझे भी हरजीत के घर बुलाया था। मेरे पास जो जानकारी थी, वह बता दी थी। -राजेश बैनीवाल, सरपंच, गांव भड़ोलावाली

यह एनआईए की छापे की कार्रवाई थी। इसमें हम कुछ नहीं कह सकते हैं। फतेहाबाद पुलिस के पास हरजीत सिंह का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। -आस्था मोदी, एसपी, फतेहाबाद

Share.
Exit mobile version