चंडीगढ़ : अगर आप भी इंस्टाग्राम पर रील्स (Instagram Reels) बनाकर फॉलोअर्स बढ़ाने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। हरियाणा पुलिस की स्टेट साइबर सेल ने सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और लॉकडाउन (Lockdown) जैसी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ ‘डिजिटल स्ट्राइक’ की तैयारी कर ली है। अब ऐसी कोई भी पोस्ट या रील जो जनता में डर पैदा करे, सीधे जेल की हवा खिला सकती है।
पिछले कुछ दिनों से देखा जा रहा है कि व्यूज और लाइक्स के चक्कर में कुछ युवा पुराने वीडियो को एडिट करके ‘हरियाणा में फिर लगेगा लॉकडाउन’ या ‘बाजार बंद’ जैसी झूठी खबरें फैला रहे हैं। साइबर सेल ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अकाउंट्स को न केवल ट्रैक किया जा रहा है, बल्कि उन्हें ब्लॉक करने के लिए मेटा (Meta) को पत्र भी लिखा जा रहा है।
24×7 मॉनिटरिंग और सख्त कार्रवाई
हरियाणा के सभी जिलों की साइबर यूनिट्स को 24 घंटे एक्टिव रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की एक विशेष टीम केवल इंस्टाग्राम एक्सप्लोर (Explore) और ट्रेंडिंग ऑडियो पर नजर रख रही है। यदि कोई रील आपत्तिजनक पाई जाती है, तो रील बनाने वाले का आईपी एड्रेस और लोकेशन ट्रैक की जाएगी। धारा 505 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज होगा। साथ ही संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अकाउंट डिलीट करने का नोटिस भेजा जाएगा।
अभिभावकों के लिए सलाह
पुलिस ने अपील की है कि माता-पिता अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें। अक्सर कम उम्र के युवा अनजाने में ऐसी सामग्री शेयर कर देते हैं, जो बाद में उनके करियर और भविष्य के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है।
