गुडग़ांव,: सदर थाना एरिया में महिला की हत्या के ब्लाइंड मर्डर को पुलिस ने छह साल बाद सुलझा लिया है। आरोपी ने अवैध संबंधों के शक के चलते अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी और अपने साथियों के साथ मिलकर शव को नाले में फेंक दिया था। हत्या के बाद आरोपी झारखंड में ई रिक्शा चला रहा था। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी के साथ वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।
दरअसल, 9 फरवरी 2017 को सदर थाना पुलिस को गांव घसौला में ड्रेन के पास एक महिला का शव मिला था। महिला की पहचान नहीं हो पाई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। मामले में मृतक महिला की पहचान न होने के कारण केस को अनट्रेस करके बंद कर दिया गया था। इसके बाद हाल ही में शुरू हुई पुलिस की जनसुनवाई के दौरान सदर थाना पुलिस के सामने यह मामला आया। जिसमें सदर थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ मिलकर इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझा लिया। मामले की जांच के दौरान सामने आया कि मृतक महिला एक कंपनी में सफाई कर्मचारी थी जो इसी कंपनी में हाउस कीपिंग का काम करने वाले रंग बहादुर यादव के साथ रहती थी। दोनों ने शादी कर ली थी। वहीं रंग बहादुर को शक हुआ कि उसकी पत्नी किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करती है। इसी शक में उसने अपनी पत्नी अनीता की हत्या कर दी और शव को अपने साथियों के साथ मिलकर घासौला के ड्रेन में डाल दिया।

