Google Project SunCatcher: टेक दिग्गज गूगल अब धरती नहीं, बल्कि अंतरिक्ष में अपना अगला बड़ा गेम खेलने की तैयारी में है. कंपनी AI डेटा सेंटर को स्पेस में भेजने के प्लान पर काम कर रही है, जो सूरज की रोशनी से बिजली बनाकर काम करेंगे. इस प्रोजेक्ट का नाम रखा गया है ‘Project SunCatcher’. इसमें सैटेलाइट्स की एक पूरी सीरीज होगी. यह सैटेलाइट्स गूगल के AI चिप्स यानी टेंसर प्रोसेसिंग यूनिट्स (TPU) से लैस होंगी.
क्या है Google का Project SunCatcher?
Google का ‘Project SunCatcher’ अंतरिक्ष में सौर ऊर्जा से चलने वाले AI डेटा सेंटर बनाने की एक बड़ी कोशिश है. ये डेटा सेंटर लो-अर्थ ऑर्बिट में घूमने वाले सैटेलाइट्स के रूप में होंगे, जिनमें गूगल के AI चिप्स लगाए जाएंगे. हर सैटेलाइट अपने सोलर पैनल्स से बिजली बनाएगा और एक दूसरे से जुड़कर AI प्रोसेसिंग का काम संभालेगा. इसका टारगेट धरती पर AI की बढ़ती एनर्जी जरूरतों को अंतरिक्ष की ऊर्जा से पूरा करना है.
कैसे और कब लॉन्च होंगे ये AI सैटेलाइट्स?
The Verge की रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल इसके लिए सैटेलाइट-निर्माता कंपनी Planet Labs के साथ काम कर रहा है. दोनों मिलकर 2027 की शुरुआत में दो टेस्ट सैटेलाइट्स लॉन्च करने वाले हैं. इससे हार्डवेयर, कनेक्टिविटी और पावर जनरेशन की टेस्टिंग होगी. अंतरिक्ष में सूरज की रोशनी लगभग 24 घंटे उपलब्ध रहती है, जिससे बिजली लगातार मिलती रहेगी और बैटरी की जरूरत बेहद कम रहेगी.
