उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया की है. उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार, भ्रामक और राजनीतिक हताशा का परिणाम बताया. पंकज चौधरी ने कहा कि बार-बार चुनावी (Pankaj Choudhary on Akhilesh Yadav) पराजय के बाद समाजवादी पार्टी अब लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर ही सवाल खड़े करके अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है.
Pankaj Choudhary on Akhilesh Yadav – प्रदेश अध्यक्ष ने 2022 के विधानसभा चुनावों को लेकर अखिलेश यादव के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद करार दिया. उन्होंने कहा कि अगर सपा प्रमुख के पास कोई ठोस सबूत होते तो वे कोर्ट या चुनाव आयोग के समक्ष रखते. बार-बार एक ही झूठ को दोहराना उनकी पुरानी आदत बन चुकी है. पंकज चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने कानून-व्यवस्था, विकास और सुशासन के मुद्दे पर भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया था. उन्होंने पश्चिम बंगाल का हवाला देते हुए कहा कि जहां-जहां विपक्ष सत्ता में है, वहां लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कुचलने के उदाहरण सामने आते रहे हैं, जबकि भाजपा ने हमेशा संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान किया है.
पीडीए पर कटाक्ष
समाजवादी पार्टी के पीडीए पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक फॉर्मूले पर कटाक्ष करते हुए चौधरी ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक नारा है, जिसका जमीन पर कोई अस्तित्व नहीं है. उत्तर प्रदेश की जनता अब जाति और वर्ग की राजनीति से ऊपर उठ चुकी है और विकास, सुरक्षा व सुशासन को प्राथमिकता देती है. यही कारण है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में भी जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया.


