UP election 2022 phase 3 – यूपी में आज 16 जिलों की 59 सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। शाम छह बजे मतदान केंद्र के परिसर में जितने भी लोग कतार में लगे होंगे उन्हें वोट देने का अधिकार होगा। मतदान के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। तीसरे चरण में दो करोड़ 15 लाख से अधिक मतदाता चुनावी रण में उतरे 627 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। वहीं आज करहल विधानसभा सीट पर भी मतदान चल रहा है। यहां से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रतिष्ठा दांव पर है। इसके अलावा शिवपाल यादव, कैबिनेट मंत्री एसपी बघेल, रामवीर उपाध्याय, सतीश महाना, इरफान सोलंकी जैसे दिग्गजों की किस्मत आज ईवीएम में बंद हो जाएगी।
इसे भी पढ़ें – लखनऊ में आज भाजपा के दिग्गजों का जमावड़ा, जनता जनार्दन से मांगेगे समर्थन
यूपी की इन सीटों पर हो रहा है मतदान
तीसरे चरण में रविवार को यूपी की जिन 59 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है उनमें हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर हमीरपुर और महोबा जिले शामिल हैं।
UP election 2022 phase 3 – ईवीएम में कैद होगी अखिलेश-शिवपाल की किस्मत
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। आज इस सीट पर मतदान हो रहा है। अखिलेश के खिलाफ बीजेपी ने कैबिनेट मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल को उतारा है। अखिलेश करहल क्षेत्र से पहली बार विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं। साल 2017 में बीजपी लहर में भी सपा के सोबरन सिंह यादव ने इस सीट पर अपनी जीत बरकरार रखी थी। अखिलेश के मुकाबले केंद्रीय मंत्री के भाजपा उम्मीदवार के रूप में सामने आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। इसके अलावा अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव इटावा जिले की अपनी पारंपरिक जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां भी आज मतदान होना है।
कानपुर जिले की महाराजपुर सीट से कैबिनेट मंत्री सतीश महाना बीजेपी प्रत्याशी हैं। जीत के रिकॉर्ड तोड़ने को बेताब महाना बीते 32 सालों से लगातार जीत दर्ज कर रहे हैं। वे बीजेपी के ऐसे नेता हैं जिन्होंने कभी हार का स्वाद नहीं चखा है। महाराजपुर सीट से महाना दो बार जीत दर्ज कर चुके हैं। इसके अलावा कैंट सीट से पांच बार लगातार विधायक रह चुके हैं। उनके खिलाफ सपा ने फतेहबहादुर गिल को टिकट दिया है।
इसे भी पढ़ें – योगी सरकार को फिर वापस लाना है, कंगना ने भाजपा के लिए मांगे वोट
दांव पर है इरफान सोलंकी की प्रतिष्ठा
कानपुर की सीसामऊ सीट से सपा के इरफान सोलंकी की प्रतिष्ठा दांव पर है। तीन बार के विधायक हैं। इससे पहले 10 साल तक उनके पिता हाजी मुस्ताक सोलंकी इस सीट से चुनाव लड़ा करते थे। लगभग 25 सालों से सोलंकी परिवार का इस सीट पर कब्जा रहा है। बीजेपी ने उनके खिलाफ सलिल विश्नोई को चुनावी रण में उतारा है। विश्नोई इससे पहले आर्यनगर सीट से चुनाव लड़ा करते थे। वे तीन बार विधायक रहे हैं और फिलहाल एमएलसी हैं।
छठी बार जीत की उम्मीद में रामवीर उपाध्याय
UP election 2022 phase 3 – जाटलैंड कही जाने वाली हाथरस जिले की सादाबाद सीट वीआईपी है। इसका प्रमुख कारण यहां से छठवीं बार पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय चुनाव मैदान में है। इस बार कांटे की टक्कर के बीच उनकी प्रतिष्ठा दांव पर है। उनका सीधा मुकाबला रालोद-सपा गठबंधन प्रत्याशी प्रदीप चौधरी से है। कद्दावर नेता रामवीर उपाध्याय बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। वे तीन बार कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। उनके नाम पांच बार चुनाव जीतने का रिकॉर्ड है। इसके अलावा बसपा ने यहां से डॉ. अविन शर्मा पर दांव लगाया है। वहीं कांग्रेस ने युवा चेहरा मथुरा प्रसाद को टिकट दिया है।
ये 13 सीटें हैं संवेदनशील
चुनाव आयोग ने मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। आयोग ने 59 में से 13 सीटों को संवेदनसील श्रेणी में रखा है। इनमें करहल विधानसभा सीट के अलावा अलीगंज, सादाबाद, आर्य नगर, सीसामऊ, किदवई नगर, कानपुर कैंट विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हैं।
इन सीटों पर वोट डालेंगे मतदाता
हाथरस सु., सादाबाद, सिकन्दराराऊ, टूण्डला सु., जसराना, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, सिरसागंज, कासगंज, अमापुर, पटियाल, अलीगंज, एटा, मारहरा, जलेसर सु., मैनपुरी, भोगांव, किशनी सु., करहल, कायमगंज सु., अमृतपुर, फरूखाबाद, भोजपुर, छिबरामऊ, तिर्वा, कन्नौज सु., जसवंतनगर, इटावा, भरथना सु., बिधुना, दिबियापुर, औरय्या सु., रसूलाबाद अकबरपुर रनिया, सिकन्दरा, भोगनीपुर, बिल्हौर सु., बिठूर, कल्याणपुर, गोविन्दनगर, सीसामऊ, आर्यनगर, किदवईनगर, कानपुर कैण्ट, महराजपुर, घाटमपुर सु., माधौगढ़, कालपी, उरई सु., बबीना, झांसी नगर, मऊरानीपुर सु., गरौठा, ललितपुर, महरौनी सु., हमीरपुर, राठ सु., महोबा और चरखारी।

