इटारसी। शनिवार की सुबह NH-46 पर ‘आम’ बात नहीं रही। हैदराबाद से भोपाल की ओर ‘फलों के राजा’ को ले जा रहा एक ट्रक धनबाद तिराहे पर ऐसा पलटा कि पूरे फोरलेन की रफ्तार ही ‘जाम’ हो गई। देखते ही देखते सड़क पर आम की पेटियां बिखर गईं और फिर शुरू हुआ मुसाफिरों की अग्निपरीक्षा का दौर।
शादियों का सीजन और भीषण गर्मी का डबल अटैक
हाईवे पर ट्रक बीच सड़क पलटा था, जिसके चलते इटारसी से बैतूल तक वाहनों की मीलों लंबी कतार लग गई। शादी-ब्याह के सीजन के कारण बसों और टैक्सियों में सवार बाराती गर्मी से बेहाल हो गए। आलम यह था कि लोग चाय-पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन जाम टस से मस नहीं हुआ।
क्रेन बुलाई, पर ‘जल्दबाजी’ ने काम बढ़ाया
केसला थाना प्रभारी मदन पवार और उनकी टीम ने मौके पर मोर्चा संभाला। क्रेन बुलाकर ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया गया, लेकिन जैसे ही ‘वन-वे’ रास्ता खुला, वाहन चालकों की जल्दबाजी ने एक बार फिर जाम लगा दिया।
एंबुलेंस भी फंसी
इस दौरान कई एंबुलेंस भी जाम के भंवर में फंसी रहीं। दोपहर ढाई बजे के बाद ही पुलिस यातायात को पूरी तरह बहाल कर पाई।


