कोरबा : धान का कटोरा छत्तीसगढ़ में इस बार सरकार 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी करेगी. सभी जिलों में धान खरीदी को लेकर जरूरी तैयारी पूरी की जा रही है. पंजीकृत किसान धान बेचने और (token tunhar haath) टोकन के लिए बार-बार मंडी का चक्कर लगाते हैं. इससे, उन्हें निजात दिलाने के लिए घर बैठे टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था भी सरकार ने की है. प्रशासन का दावा है कि टोकन तुंहर हाथ मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है. इसमें लॉगिन कर कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किसान घर बैठे टोकन ले सकेंगे.
जिले के 41 समिति में 65 उपार्जन केंद्र : जिला प्रशासन किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी में जुटा हुआ है. कोरबा में 41 समितियों के माध्यम से 65 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं. पोर्टल में समर्थन मूल्य के लिए धान बिक्री के लिए इस वर्ष लगभग 49 हजार से अधिक किसानों ने 49 हजार हेक्टेयर में धान की फसल उत्पादन के लिए पंजीयन कराया है. इधर खाद्य विभाग, सहकारी बैंक, विपणन विभाग ने धान खरीदी के लिए तैयारी लगभग पूरी कर ली है.
एग्रीस्टैक पोर्टल बंद : पंजीयन के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल अब बंद हो चुकी है. लेकिन कई किसान ऐसे हैं, जिन्होंने समर्थन मूल्य पर धान बिक्री के लिए पोर्टल पर पंजीयन कराया है. लेकिन उनका रकबा प्रदर्शित नहीं हो रहा है. कुछ किसानों का रकबा कम दिखा रहा है, इसे लेकर किसान परेशान हैं. हालांकि इन किसानों के पास दावा-आपत्ति के लिए 30 नवंबर तक का समय है.
टोकन तुंहर हाथ ऐप से मिलेगा टोकन : धान खरीदी सीजन 2025–26 में किसानों को (token tunhar haath) उपार्जन केंद्र जाकर टोकन प्राप्त करने के बाध्यता से निजात मिलेगी. छत्तीसगढ़ सरकार ने टोकन तुहंर हाथ मोबाइल ऐप लॉन्च किया है. टोकन तुहंर हाथ एप एंड्रॉयड मोबाइल पर चलने वाला ऐप है. इस ऐप को खाद्य विभाग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं. ऐप इंस्टॉल करने के बाद रजिस्टर करना होगा. इसके बाद किसान हर दिन सुबह 8 बजे से टोकन जनरेट कर सकेंगे.
