चंडीगढ़/नई दिल्ली : पंजाब के सर्वाधिक वांछित अपराधियों में से एक गैंगस्टर सुखदुल सिंह उर्फ सुक्खा दुनेके की अज्ञात लोगों ने कनाडा के विनिपेग शहर में हत्या कर दी। उन्होंने कहा, इसे कुछ गैंग के बीच आपसी दुश्मनी का परिणाम माना जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि (The Most Wanted) गैंगस्टर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती सहित कम से कम 18 मामले थे। उसकी हत्या कनाडा समयानुसार बुधवार रात को हुई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दुनेके पंजाब के मोगा जिले के दुनेके कलां गांव से था और वह दिसंबर 2017 में कनाडा भाग गया था।
इसे भी पढ़ें – पंजाब के मुक्तसर में नहर में गिरी यात्री बस, पांच लोगों की मौत, 40 को जिंदा बचाया गया
दुनेके दविंदर बंबीहा गिरोह का सक्रिय सदस्य था और कनाडा में गैंगस्टर से आतंकवादी बने अर्श दल्ला, गैंगस्टर लकी पटिआल, मलेशिया के गैंगस्टर जैकपाल सिंह उर्फ लाली तथा अन्य अपराधियों का करीबी था। सूत्रों ने बताया कि खुंखार गैंगस्टर दुनेके विदेशी धरती से अपना गिरोह चला रहा था। साथ ही वह उगाही का रैकेट चलाने,स्थानीय सहयोगियों की मदद से पंजाब और आस-पास के इलाकों में विरोधी गिरोह के सदस्यों की हत्या कराने तथा विदेशों में बसे सहयोगियों के नेटवर्क के प्रबंधन में भी शामिल था। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में पंजाब और आसपास के इलाकों में दुनेके की ओर से वसूली के लिए फोन करने की घटनाएं बढ़ी थीं।
इसे भी पढ़ें – शहीद सैन्य अधिकारियों के पैतृक स्थानों पर छाया मातम
The Most Wanted – जनवरी में दुनेके के दो सहयोगियों- कुलविंदर सिंह उर्फ किंडा और परमजीत सिंह पम्मा को काउंटर- इंटेलिजेंस विंग (बठिंडा) ने गिरफ्तार किया था और उनके कब्जे से तीन पिस्तौल और कारतूस जब्त किए गए थे। ये दोनों लोग दुनेके के उगाही रैकेट का हिस्सा थे। सूत्रों ने बताया कि दुनेके के पिता की 1990 में मौत हो गई थी और उसे अनुकंपा के आधार पर मोगा के उपायुक्त कार्यालय में चपरासी की नौकरी मिल गई थी। उन्होंने बताया कि दुनेके ने आठ वर्ष तक नौकरी की थी और इस दौरान वह नशे का आदी हो गया था। उसके खिलाफ 2022 में लुकआउट नोटिस जारी किया गया था।

