देश की सबसे बड़ी आईटी सर्विस कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने घोषणा की है कि वह आने वाले समय में अपनी नई भर्तियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक डिजिटल स्किल वाले युवाओं को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देगी। कंपनी के अनुमान के मुताबिक, भविष्य में होने वाली कुल नई नियुक्तियों में से (TCS AI Hiring Strategy) लगभग 80 फीसदी ऐसे कर्मचारी होंगे जिन्हें नई तकनीकों और डिजिटल कामकाज की गहरी समझ होगी। इनमें से भी खास तौर पर 25 से 30 फीसदी लोगों के पास डायरेक्ट AI से जुड़ी विशेष स्किल होना अनिवार्य होगा।
TCS AI Hiring Strategy – टीसीएस की चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) आरती सुब्रमण्यम ने जानकारी दी कि जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही के दौरान कंपनी ने अपने कर्मचारियों की संख्या में करीब 4,500 की बढ़ोतरी की है। इनमें से 25 से 30 फीसदी कर्मचारी सीधे तौर पर एआई प्रोजेक्ट्स से जुड़े हैं, जबकि करीब 80 फीसदी लोग आधुनिक डिजिटल तकनीकों के जानकार हैं। कंपनी का मानना है कि बाजार में इस तरह की विशेषज्ञता रखने वाले उम्मीदवारों की कोई कमी नहीं है।
अनुभवी कर्मचारियों के लिए भी बड़े मौके और री-स्किलिंग
जैसे-जैसे इंडस्ट्री में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, यह सवाल स्वाभाविक रूप से उठ रहा है कि क्या नई पीढ़ी के फ्रेशर्स को अनुभवी कर्मचारियों के मुकाबले ज्यादा फायदा मिलेगा? इस पर TCS के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर के. कृतिवासन ने स्पष्ट किया कि यह फायदा उन सभी अनुभवी लोगों को भी मिलेगा जो नई चीजें सीखने और अपनी पुरानी कार्यशैली को बदलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यदि कोई मिड-लेवल इंजीनियर नई तकनीक को सीखने की ललक रखता है, तो उसे अपने पुराने अनुभव का बहुत बड़ा लाभ मिलेगा।


