एक ओर जहां रामलला के नए मंदिर में आगमन के कारण भारत राममय है तो वहीं दूसरी ओर लोकसभा चुनाव की आहट भी सुनाई देने लगी है। इसी के मद्देनजर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले हुए हैं।
विपक्षी गठबंधन में शामिल दलों के द्वारा भी सीट शेयरिंग पर चर्चा जोरों पर है। लेकिन इस बीच लोकसभा सीटों से महत्वपूर्ण बिहार में राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है। विपक्षी गठबंधन इंडिया के सूत्रधार रहे सीएम नीतीश कुमार एक बार फिर पाला बदलने की तैयारी में है। इन अटकलों का दौर तभी शुरू हो गया था, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इंडिया गठबंधन में कोई बड़ा पद नहीं मिला था।
इसे भी पढ़ें – नीतीश कुमार ने I,N.D.I.A. का संयोजक बनने से किया इंनकार
सीएम नीतीश कुमार की नाराजगी तब जगजाहिर हुई जब मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए लिया जाने लगा। इस घोषणा के बाद सबसे पहले नीतीश कुमार ने ललन सिंह को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से हटाकर अपनी मंशा साफ कर दी। नीतीश कुमार के पाला बदलने के ख़बरों को तब अधिक ताकत मिली जब गृह मंत्री अमित शाह ने एक इंटरव्यू में कहा कि अगर नीतीश कुमार का एनडीए में शामिल होने का प्रस्ताव आएगा तो विचार करेंगे।
इसे भी पढ़ें – बिहार : बच्ची के साथ दुष्कर्म व हत्यारोपियों की पहचान बताने वालों के लिए इनाम की घोषणा
शाह ने नीतीश के खिलाफ की थी सख्त टिप्पणी
यहाँ एक बात जानना जरूरी है कि कुछ महीनों पहले ही राजधानी पटना में एक सभा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने नीतीश कुमार के खिलाफ सख्त टिप्पणी की थी। अब इन राजनीतिक हलचल के बीच शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और लालू यादव नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास भी पहुँचे। हालांकि, तेजस्वी यादव के ओर से सब ठीक बताया गया।
लेकिन भाजपा और जीतनराम मांझी ने अपने सभी विधायकों को 25 जनवरी तक पटना में ही रहने का आदेश दिया है। वहीं, भाजपा विधायक संजय सरावगी ने एक बयान देकर राजनीतिक पारा को और बढ़ा दिया है। भाजपा विधायक ने कहा कि नीतीश कुमार फिलहाल INDIA गठबंधन में कांग्रेस, लालू और तेजस्वी के साथ हैं। INDIA गठबंधन का कोइ भविष्य नहीं है।
अगर नीतीश कुमार बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी में आते हैं, तब उनके स्वागत के लिए हम तैयार हैं। INDIA गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर आपस में मार काट मची हुई है।
इसे भी पढ़ें – लीडरशिप की कमी के चलते बिहार अब भी पिछड़ा राज्य : मोहन यादव
एनडीए गठबंधन का हिस्सा बन सकते हैं नितीश
नीतीश कुमार के पूर्व सहयोगी और अब एनडीए गठबंधन का हिस्सा राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव से परेशान हैं। साथ ही उन्होंने यह दावा किया कि वो जल्द एनडीए का हिस्सा बन सकते हैं। बता दें, बिहार में लोकसभा के कुल 40 सीट है। 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा और जदयू ने मिलकर 39 सीटों पर विजय प्राप्त की थी।
इसी कारण भाजपा यह चाह रही है कि नीतीश कुमार एनडीए गठबंधन का हिस्सा बन जाये। हालांकि, जदयू के ओर इन सभी अटकलों को बेबुनियाद बताया गया है। कई राजनीतिक वैज्ञानिकों का यह भी मानना है कि यह पूरी घटनाक्रम सिर्फ प्रेशर पॉलिटिक्स का हिस्सा है। अब इन राजनीतिक हलचल का परिणाम क्या होता है वो तो वक़्त ही बताएगा। माना जा रहा है की 25 जनवरी तक बिहार में कोई बड़ा खेला हो सकता है।