Sonipat: In the case of 1.05 crore loot, three arrested including the accused brothers

गोहाना के विश्राम गृह में बरामद की गई राशि के साथ पुलिस टीम।


हरियाणा के सोनीपत के गोहाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के नजदीक माल गोदाम के पास गांव कथूरा निवासी प्रॉपर्टी डीलर को पिस्तौल दिखाकर 1.05 करोड़ रुपये लूटने के मामले में रेलवे पुलिस ने आरोपी राजमिस्त्री, उसके भाई और साले को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनसे लूटे गए 1.05 करोड़ रुपये बरामद कर लिए हैं। जमीन बेचने का झांसा देकर पहले लिए 30 लाख रुपये बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेगी।

राजकीय रेलवे पुलिस, अंबाला की एसपी संगीता कालिया ने सोमवार देर शाम गोहाना के विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 9 अगस्त को गांव कथूरा निवासी राकेश नरवाल ने गोहाना रेलवे चौकी पुलिस को बताया था कि वह प्रॉपर्टी डीलर हैं। उनकी गांधी नगर निवासी राजकरण उर्फ रजवा से वर्ष 2020 से जान-पहचान है।

राजकरण ने गोहाना में एक-दो प्लॉट का सौदा कराया था। जून में राजकरण ने गांव बरोदा में 10 एकड़ जमीन सस्ते मूल्य पर दिलवाने का झांसा दिया था। बाद में 25 जुलाई को राजकरण ने किसान को देने के नाम पर 30 लाख रुपये लिए थे।


8 अगस्त को प्रॉपर्टी डीलर राकेश नरवाल 1 करोड़ 5 लाख रुपये लेकर आरोपी राजकरण के कहने पर रेलवे ट्रैक के निकट माल गोदाम के पास गए थे। वहां पर राजकरण, उसके भाई बबला व एक अन्य ने पिस्तौल के बल पर नकदी लूट ली थी। रेलवे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था।

एसपी ने बताया कि मामले में चार टीमों का गठन किया गया था। सोमवार को आरोपी गांधी नगर निवासी राजकरण, उसके भाई सुनील उर्फ बबला और उसके साले गांव नूरनखेड़ा निवासी गुरजीत को जींद के नरवाना से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों को ट्रेस किया और फोन की लोकेशन से आरोपियों को पकड़ा।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने मोबाइल सिम को तोड़ दिए थे और मोबाइल बदल दिया था। आरोपियों ने अपनी अलग आईडी बनवाई तो पुलिस ने उसे ट्रेस कर लिया। पुलिस ने लूटी गई एक करोड़ 5 लाख रुपये की राशि नूरनखेड़ा से बरामद की है। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

पुलिस ने खाते कराए सीज, 30 लाख किए जाएंगे बरामद

पुलिस ने आरोपी राजकरण, उसके भाई और पत्नी के खाते सीज करवा दिए हैं। अब उनसे पहले ऐंठे गए 30 लाख रुपये बरामद किए जाएंगे। शुरुआती पूछताछ में ज्यादा जानकारी नहीं जुटाई गई है। रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी।

कई प्रदेशों में मारे छापे

एसपी ने बताया कि लूट की वारदात के बाद से ही पुलिस ने सबूत जुटाने शुरू कर दिए थे। इसके लिए जहां भी आरोपियों के बारे में इनपुट मिला वहां छापा मारा गया। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, गुजरात के अहमदाबाद व सूरत, राजस्थान के जोधपुर व महाराष्ट्र के मुंबई में छापे मारे। पुलिस ने अब आरोपियों को नरवाना से दबोचा है।

Share.
Exit mobile version