नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बाहरी-उत्तरी इलाके से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां सिंघू बॉर्डर पर ड्यूटी पर तैनात दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद कार सवार (Hit and Run Case) आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
इसे भी पढ़ें – ओल्ड राजेंद्र नगर कोचिंग हादसा: CBI ने दाखिल की क्लोजर रिपोर्ट, MCD अधिकारियों को मिली बड़ी राहत
Hit and Run Case – हालांकि, दिल्ली पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मुस्तैदी दिखाते हुए सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और तकनीकी सुरागों की मदद से जांच शुरू की। पुलिस ने न केवल टक्कर मारने वाली गाड़ी को जब्त कर लिया, बल्कि मामले में दो आरोपियों को भी धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुलदीप उर्फ करण और नीरज के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि यह दर्दनाक घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे हुई थी, जब हेड कांस्टेबल अमित सिंघू बॉर्डर पर यातायात सुचारू कराने की अपनी ड्यूटी पर तैनात थे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, BNS के तहत FIR दर्ज
एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल हेड कांस्टेबल अमित को उनके सहकर्मी नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल (SRHC) ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अमित मूल रूप से पड़ोसी राज्य हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले थे। इस मामले में अलीपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और 106 (1) (लापरवाही से मौत) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है।
