वो गाना है ना- रंग जमा है, रंग जमेगा. शार्दुल ठाकुर की हकीकत भी कुछ वैसी ही दिख रही है. इंट्रा स्क्वॉड मैच में शतक जड़कर उन्होंने रंग जमा दिया है. अब, इंतजार है उस रंग के और जमने का. इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन का अभी ऐलान नहीं हुआ है. मगर इस बात के अब पूरे आसार दिख रहे हैं कि शार्दुल ठाकुर उस प्लेइंग (playing against England) इलेवन का हिस्सा बन सकते हैं.
playing against England – नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल उन्हें खिलाने का फैसला कर सकते हैं. और, ये मुमकिन होता दिख रहा है उनकी खेली 122 रन की पारी की बदौलत. अब सवाल है कि अगर दिसंबर 2023 के बाद से टेस्ट टीम से बाहर चल रहे शार्दुल खेलेंगे तो फिर प्लेइंग XI से बाहर जाएगा कौन?
भारत की प्लेइंग XI में शार्दुल ठाकुर?
इंग्लैंड के खिलाफ प्लेइंग XI को लेकर भारतीय थिंक टैंक के सामने काफी सारे सवाल हैं, जिनमें एक सवाल ये भी था कि शार्दुल ठाकुर और नीतीश कुमार रेड्डी में से कौन? दोनों ही लगभग एक समान रोल वाले खिलाड़ी हैं. नीतीश ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शतक जमाया था. ऐसे में उनके इंग्लैंड में खेलने की भी संभावना थी. मगर अब जो इंट्रा स्क्वॉड मैच में शतक जड़कर शार्दुल ठाकुर ने कर दिया है. उसके बाद लगता नहीं कि दोनों में से किसी एक को चुनने को लेकर गिल या भारत के थिंक टैंक के सामने कोई अगर-मगर रहेगा.
इस खिलाड़ी को बाहर करेंगे गिल?
शार्दुल ठाकुर को खिलाने के लिए भारत के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, नीतीश कुमार रेड्डी को बेंच पर बिठा सकते हैं. मतलब नीतीश रेड्डी को शार्दुल के लिए प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है. इस फैसले की एक नहीं कई सारी वजहें भी होंगी, जिसमें सबसे बड़ी वजह तो मौजूदा फॉर्म ही है, जो कि शार्दुल ठाकुर ने 122 रन बनाकर साबित कर दिया है.

