रांची : झारखंड की राजधानी रांची के मुरी ओपी क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. गत 18 अक्टूबर को घर से निकली करीब 17 साल 9 महीने की (Ranchi Murder Case ) इस किशोरी का शव गांव के बाहर झाड़ियों से बरामद किया गया है. इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की गंभीर आशंका जताई है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुष्कर्म की वास्तविक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
चचेरे भाई के साथ निकली थी किशोरी
मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर को दोपहर बाद मृतका अपने सात वर्षीय चचेरे भाई के साथ अपने भैया-भाभी के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी. कुछ ही देर बाद उसका छोटा भाई खून से लथपथ हालत में वापस घर पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने किशोरी की तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान शाम करीब चार (Ranchi Murder Case) बजे गांव के बाहर झाड़ियों में उसका शव मिला.
न्याय न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी
घटना की सूचना मिलने पर JLKM के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो रात को ही घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले की गहन, निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच कराने की पुरजोर मांग की है. उन्होंने विशेष जांच दल (SIT) के गठन, पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी और फॉरेंसिक परीक्षण सुनिश्चित करने के साथ-साथ मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराए जाने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके.


