नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव (Rajya Sabha Elections) के लिए धर्मेन्द्र प्रधान और भूपेन्द्र यादव जैसे सात केंद्रिय मंत्रियों सहित कई वरिष्ठ नेताओं और सेवानिवृत्त हो रहे राज्यसभा सदस्यों को फिर से टिकट नहीं दिया है। पार्टी के इस कदम को इस बात का मजबूत संकेत माना जा रहा है कि वह इनमें से कई को आगामी लोकसभा चुनाव में उतार सकती है।
इसे भी पढ़ें – लाल बहादुर शास्त्री के पोते विभाकर शास्त्री ने छोड़ी कांग्रेस, थामा बीजेपी का दामन
सत्तारूढ़ भाजपा ने 56 सीटों के लिए अब तक 28 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। अब तक घोषित उम्मीदवारों के नामों पर गौर किया जाए तो पता चलेगा कि भाजपा ने सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अपने जमीनी स्तर के व संगठन से जुड़े ऐसे कार्यकर्ताओं को तरजीह दी है जिन्हें राजनीतिक हलकों से इतर भी लोग जानते हों। इनमें बिहार की धर्मशिला गुप्ता, महाराष्ट्र की मेधा कुलकर्णी और मध्य प्रदेश की माया नरोलिया शामिल हैं। सभी पार्टी की महिला मोर्चा से जुड़ी हैं।
Rajya Sabha Elections – भाजपा ने 28 निवर्तमान सांसदों में से केवल चार को दोबारा उम्मीदवार बनाया है। इनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, दो केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और एल मुरुगन तथा सुधांशु त्रिवेदी के रूप में एक मुखर राष्ट्रीय प्रवक्ता शामिल हैं। भाजपा ने जिन 28 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं उनमें पार्टी को कोई भी राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल नहीं है जबकि राज्यों के संगठन में काम करने वाले कई नेताओं को तरजीह दी गई है।
इसे भी पढ़ें – असम में कांग्रेस को बड़ा झटका, कार्यकारी अध्यक्ष पुरकायस्थ भाजपा में शामिल होंगे
राजीव चंद्रशेखर, मनसुख मंडाविया, परषोत्तम रूपाला, नारायण राणे और वी मुरलीधरन पांच अन्य मंत्री हैं जिनका कार्यकाल उच्च सदन में समाप्त हो रहा है और जिन्हें भाजपा द्वारा फिर से नामित नहीं किया गया है। अन्य वरिष्ठ नेता जिन्हें इस बार उच्च सदन का टिकट नहीं दिया गया है, उनमें पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और इसके मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी शामिल हैं।

