चंडीगढ़ : पंजाब में भगवंत मान सरकार ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया और आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक गुरमीत सिंह खुडियां तथा बलकार सिंह ने नए मंत्रियों के (Punjab Cabinet Expansion) रूप में शपथ ली। पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने यहां राजभवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री भगवंत मान भी इस दौरान वहां मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें – भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे सीबीआई जज निलंबित, नए जज होंगे राजीव गोयल
गुरमीत सिंह खुडियां (60) मुक्तसर की लांबी सीट से विधायक हैं। 2022 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्होंने पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल को उनके गढ़ में 11,396 मतों के अंतर से मात दी थी। पहली बार विधायक बने खुडियां 2021 में कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए थे। बलकार सिंह (60) जालंधर में करतारपुर आरक्षित सीट से विधायक हैं। सिंह एक पूर्व पुलिस अधिकारी हैं। वह पंजाब पुलिस से सेवानिवृत्त होने के बाद 2021 में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुए थे। सिंह भी पहली बार विधायक बने हैं।
इसे भी पढ़ें – पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का निधन, देश में शोक की लहर
Punjab Cabinet Expansion – पंजाब में 14 महीने पुरानी मान के नेतृत्व वाली सरकार का यह तीसरा मंत्रिमंडल विस्तार है।भगवंत मान सरकार ने जुलाई 2022 में अपना पहला मंत्रिमंडल विस्तार किया था, जिसमें पार्टी के पांच विधायकों को मंत्री बनाया गया था। इस साल जनवरी में आप के वरिष्ठ नेता एवं पटियाला ग्रामीण से विधायक डॉ. बलबीर सिंह को मंत्री बनाया गया। उन्हें फौजा सिंह सारारी के इस्तीफे के बाद मंत्री बनाया गया था। इंदरबीर सिंह निज्जर ने मंगलवार को व्यक्तिगत कारणों से मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। मुख्यमंत्री मान ने मंगलवार को ही उनका इस्तीफा राज्यपाल के पास भेज दिया था। मान नीत मंत्रिमंडल में अभी मुख्यमंत्री सहित 16 सदस्य हैं। पंजाब मंत्रिमंडल में कुल 18 सदस्य हो सकते हैं।