उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ अमरिया कस्बे में आयोजित रामलीला कमेटी की बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई। आगामी रामलीला मेले की तैयारियों और पिछले वर्ष के आय-व्यय का हिसाब मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से (Pilibhit Firing Case Update) इलाज के दौरान तीन युवकों कुणाल, अंकित गुप्ता और मोहित गुप्ता की मौत हो गई।

Pilibhit Firing Case Update – सोमवार शाम हुई इस घटना से मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अमरिया अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने 19 वर्षीय कुणाल और अंकित गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मोहित गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया था, लेकिन उन्होंने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया।चौथे घायल व्यक्ति का इलाज अभी जारी है।एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से पूरे इलाके में दहशत और तनाव फैल गया है।

मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता हिरासत में 

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा और एएसपी हिमांशु गौरव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कस्बे में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Share.
Exit mobile version