भोपाल : मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल बेहद गर्म हो गया है। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया है, जिसके बाद अब मुकाबला भाजपा के (Meenakshi Natarajan filed nomination) महेश केवट के साथ तय हो गया है। नामांकन के दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने भाजपा पर लोकतंत्र की खरीद-फरोख्त और विधायकों को प्रलोभन देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
Meenakshi Natarajan filed nomination – नामांकन के बाद कांग्रेस नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। कांतिलाल भूरिया और विधायक अनुभा मुंजारे ने दावा किया है कि भाजपा द्वारा कांग्रेस विधायकों को क्रॉस-वोटिंग के लिए 5-5 करोड़ रुपये का ऑफर दिया जा रहा है। अनुभा मुंजारे ने कहा कि भाजपा के लोग उनसे फोन पर मुलाकात करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि चुनाव से पहले किसी से भी कोई व्यक्तिगत मुलाकात नहीं होगी।
इसे भी पढ़ें – ‘अवसरों की धरती है मध्य प्रदेश’; सीएम मोहन यादव ने निवेशकों को दिया साझेदारी का खुला आमंत्रण
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि उनके पास तीसरी सीट के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं है, इसके बावजूद उन्होंने उम्मीदवार उतारकर दबाव की राजनीति शुरू की है। कांग्रेस का कहना है कि वे मीनाक्षी नटराजन को जिताने के लिए पूरी तरह एकजुट हैं और भाजपा की ‘धनबल’ की राजनीति को करारा जवाब देंगे।
भाजपा पर महिला विरोधी होने का आरोप
कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने भाजपा की कथनी और करनी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा महिलाओं को आगे बढ़ाने का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ वे एक महिला उम्मीदवार (मीनाक्षी नटराजन) को राज्यसभा जाने से रोकने के लिए हर हथकंडा अपना रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 18 तारीख को कांग्रेस की जीत होगी और पार्टी का एक भी विधायक इधर-उधर नहीं होगा।


