समस्तीपुर में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और कारोबारी (LJP Leader Arrest News) अंटू ईश्वर को बिहार एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर मोहल्ला स्थित उनके आवास पर की गई. पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही अंटू ईश्वर खुद को एक कमरे में बंद कर लिया. करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस को भारी विरोध का भी सामना करना पड़ा और मौके पर स्थानीय लोगों की काफी भीड़ जुट गई थी.
LJP Leader Arrest News – पुलिस के लाख समझाने के बाद भी जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तब समस्तीपुर के सीओ (CO) को मजिस्ट्रेट के रूप में मौके पर बुलाया गया. उनकी मौजूदगी में कमरे का ताला तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई और अंटू ईश्वर को अपनी हिरासत में ले लिया. गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ और नगर थाना पुलिस उन्हें नगर थाने ले आई, जहाँ हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाने की टीम ने भी उनसे लंबी पूछताछ की. इस पूरी कार्रवाई की सीधी मॉनिटरिंग एसटीएफ के डीएसपी कर रहे थे.
गंगा ब्रिज थाने में दर्ज मामले में जारी हुआ था गैर-जमानती वारंट
जानकारी के अनुसार, हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में अदालत की ओर से अंटू ईश्वर के खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. मामला इसी साल फरवरी महीने में गांधी सेतु के पास कार में मिले जहानाबाद निवासी युवक भानु कुमार के शव से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस जांच में सामने आया था कि मृत युवक भानु कुमार पर अंटू ईश्वर के आवास पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल होने का संदेह था, जिसके बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी.
