कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) टीम ने दस्तक दे दी है, जो बुधवार सुबह नौ बजे से निरीक्षण शुरू कर देगी। यह टीम विश्वविद्यालय में तीन दिन 15 सितंबर तक निरीक्षण कर विभागों की बारीकियां जानेगी। टीम के आगमन को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
कुवि प्रशासन की बैठकों का दौर निरीक्षण से एक दिन पहले मंगलवार को भी निरंतर चलता रहा। नैक टीम की तैयारी लगभग पिछले तीन महीने से चल रही है, जिन्हें मंगलवार को भी अंतिम रूप दिया जाता रहा। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने खुद हर विभाग व संस्थान में पहुंचकर तैयारियों को परखा तो उचित दिशा-निर्देश भी दिए।
विश्वविद्यालय को पूरी तरह से चमका दिया गया है, किसी भी तरह कि कोई खामी न रह जाए, इसी को लेकर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा सहित विश्वविद्यालय प्रशासन दिन-रात लगा हुआ है। ए प्लस ग्रेड वर्ष 2017 में हासिल कर चुके विश्वविद्यालय का प्रयास है कि इस बार ए प्लस प्लस ग्रेड अवश्य मिले, इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी खुद विभागों में जाकर निरीक्षण कर रहे हैं और कोई खामी पाई जाने पर उसे तुरंत दुरुस्त किया जा रहा है। अनुमान है कि सेंटर लाइब्रेरी, खेल निदेशालय, दूरवर्ती शिक्षा निदेशालय और जनसंचार विभाग का निरीक्षण कर सकते है।
विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध
विश्वविद्यालय के सभी गेटों पर नाकाबंदी की गई है। जहां से बिना पहचान पत्र के वाहनों के प्रवेश की एंट्री बंद कर दी गई है और जगह-जगह नाके लगाए गए हैं तो वहीं हर आने-जाने वाले पर सुरक्षा कर्मियों की निगाहें टिकी हुई है। इसी के साथ-साथ कोई भी साधन अवैध पार्किंग के नहीं खड़ा किया जाएगा, मुख्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से सख्त निर्देश दिए गए हैं।
महिला छात्रावास के लिए शुरू हुई बस सेवा
महिला छात्रावास में छात्राओं के लिए बस सर्विस शुरू की गई है, जोकि छात्राओं को सुबह विभागों में लेकर आएगी और वापस छुट्टी के समय हॉस्टल भी छोड़ेगी। इसी के साथ दोपहर को लंच के समय भी यह बस सेवा मिलेगी।
सुबह नौ बजे शुरू हो जाएगा निरीक्षण : कुलपति
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा का कहना है कि नैक टीम बुधवार सुबह नौ बजे निरीक्षण शुरू कर देगी और तीन दिन तक यह निरीक्षण चलेगा। उन्हें पूरी उम्मीद है कि इस निरीक्षण में हम सफल रहेंगे और विश्वविद्यालय को ए प्लस प्लस ग्रेड मिल पाएगा। निरीक्षण काे लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है।

