ऋषिकेश : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सीमावर्ती जोशीमठ (Joshimath Disaster) क्षेत्र में आई आपदा को प्रदेश में सक्रिय देश विरोधी माओवादी जैसे संगठन मुद्दा बनाकर हमारी विश्वविख्यात बद्रीनाथ धाम यात्रा को प्रभावित करने का कार्य कर रहे हैं लेकिन सरकार जोशीमठ आपदा के मुद्दे को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आपदा प्रभावितों के विस्थापन और पुनर्वास को लेकर गंभीरता के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। मगर, विकास विरोधी सोच रखने वाले लोग स्थानीय नागरिकों को गुमराह कर जोशीमठ के पर्यटन और तीर्थाटन को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने यह आरोप माओवादी संगठनों पर प्रदेश कार्यसमिति के प्रथम सत्र के पश्चात मीडिया से बातचीत में लगाए।
इसे भी पढ़ें – उत्तर भारत का प्रसिद्ध पूर्णागिरी मेला नौ मार्च से होगा शुरू
भट्ट ने प्रथम सत्र में हुई चर्चा और आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस सत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना के मुताबिक उत्तराखंड को देश का आदर्श राज्य स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को लेकर सरकार का आभार व्यक्त किया गया। प्रदेश में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने, मतांतरण के खिलाफ कठोर कानून पारित करने, भ्रष्टाचार पर ऐतिहासिक कार्रवाई करने के लिए संगठन की ओर से प्रदेश सरकार का आभार किया गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही सशक्त भू कानून राज्य में लागू करने जा रही है, जिसकी रूपरेखा लगभग तैयार हो चुकी है। यह कानून राज्य के व्यापक हित में होगा।
इसे भी पढ़ें – जोशीमठ : प्रभावितों के समर्थन में जुटी भीड़ का सरकार के विरोध में प्रदर्शन
Joshimath Disaster – उन्होंने बताया कि संगठन ने केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया गया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड में भाजपा संगठन जीत का हैट्रिक लगाएगी। नगर निकाय के चुनाव में भी शत-प्रतिशत जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि जोशीमठ आपदा में सरकार के प्रयास सराहनीय हैं, मगर कुछ माओवादी ताकतें प्रदेश की आंतरिक व्यवस्था को चोट पहुंचाने और उत्तराखंड के विकास को प्रभावित करने का काम कर रही हैं। उन्होंने चिंता जताई कि राज्य का प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस भी जोशीमठ आपदा में सरकार का सहयोग करने के बजाय इसे राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक मुद्दा बनाने का काम कर रही है।