सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है. ऐसे में कई लोगों को जोड़ों में दर्द, अकड़न और चलने-फिरने में परेशानी महसूस होने लगी है. खासतौर पर सुबह के समय या लंबे समय तक एक ही स्थिति में (joint pain) बैठने के बाद यह दर्द ज्यादा बढ़ जाता है. ठंड बढ़ने के साथ शरीर की एक्टिविटी भी सीमित हो जाती हैं, जिससे जोड़ों से जुड़ी समस्याएं और साफ नजर आने लगती हैं.
मैक्स हॉस्पिटल में आर्थोपेडिक विभाग में डॉ. अखिलेश यादव बताते हैं कि सर्दियों के मौसम में तापमान गिरने के कारण मांसपेशियों और जोड़ों में जकड़न महसूस होने लगती है, जिससे दर्द और अकड़न बढ़ जाती है. ठंड के चलते शरीर की फ्लेक्सिबिलिटी कम हो जाती है और लोग शारीरिक एक्टिविटी से दूरी बनाने लगते हैं, जिसका सीधा असर जोड़ों की लचक पर पड़ता है.
joint pain – लंबे समय तक एक ही पोजिशन में बैठकर काम करने वाले और नियमित एक्सरसाइज न करने वाले लोगों में भी यह समस्या बढ़ सकती है. महिलाओं में हॉर्मोनल बदलाव, कैल्शियम और विटामिन डी की कमी के कारण सर्दियों में जोड़ों का दर्द अधिक देखने को मिलता है. अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो यह दर्द धीरे-धीरे गंभीर रूप ले सकता है और रोजमर्रा के कार्यों को प्रभावित कर सकता है.
कैसे करें बचाव?
ठंड में शरीर और जोड़ों को ढककर रखें.
रोजाना हल्की एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग करें.
गुनगुने पानी से स्नान करें.
लंबे समय तक एक ही पोजिशन में न बैठें.
संतुलित डाइट लें, जिसमें कैल्शियम और विटामिन डी शामिल हों.
दर्द ज्यादा हो तो डॉक्टर की सलाह लें.

