रांची : AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अपनाने को लेकर झारखंड का ग्रामीण विकास विभाग बेहद गंभीर है. बुधवार को रांची के सर्ड (SIRD) सभागार में AI तकनीक की जानकारी और क्षमता विकास (equipped with hi tech) पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया. इस दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि AI से घबराने की जरूरत नहीं, बल्कि इसकी अच्छाइयों को अपनाने से हर काम आसान होता चला जायेगा.
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में तकनीक एक साधन है, जो काम को आसान बनाती है पर वो मनुष्य की जगह कभी नहीं ले सकता. आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को समझने और उसका बेहतर उपयोग करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि भले ही अधिकारी, पदाधिकारी इसका प्रशिक्षण ले रहे हैं, लेकिन जिस दिन स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी दीदियां इसका उपयोग करने लगेंगी, तब ये सही मायने में सफल साबित होगा.
equipped with hi tech – मंत्री ने कहा कि JSLPS द्वारा कर्मचारियों की कार्य क्षमता बढ़ाने के साथ AI जैसे तकनीक की जानकारी पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला बेहद उपयोगी साबित होने वाली है. JSLPS ने कुल 6 प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए साढ़े चार सौ प्रतिभागियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा है. जिसके तहत दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित किए जा रहे हैं. SIRD सभागार में आयोजित कार्यशाला में 60 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं.
