नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शुक्रवार को घोषणा की कि जनता दल (सेक्युलर) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल (JD(S) Joins NDA) होने का फैसला किया है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नड्डा से हुई मुलाकात के बाद भाजपा अध्यक्ष ने यह घोषणा की।
इसे भी पढ़ें – दानिश अली ने बिधूड़ी के खिलाफ बिरला को पत्र लिखा, मामला विशेषाधिकार समिति के पास भेजने का आग्रह
JD(S) Joins NDA – नड्डा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी से मुलाकात की। मुझे खुशी है कि जद (एस) ने राजग का हिस्सा बनने का फैसला किया है।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हम तहे दिल से उनका राजग में स्वागत करते हैं। इससे राजग को और मजबूती मिलेगी।’’ कुमारस्वामी 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कर्नाटक में भाजपा के साथ अपनी पार्टी के गठबंधन पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंचे थे।
इसे भी पढ़ें – नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में तेदेपा विधायकों का हंगामा, विधानसभा की कार्यवाही बाधित
दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की चर्चा तब से सुर्खियों में थी जब भाजपा के वरिष्ठ नेता और संसदीय बोर्ड के सदस्य बी एस येदियुरप्पा ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि उनकी पार्टी आम चुनावों के लिए जद(एस) के साथ गठबंधन करेगी और जद(एस) कर्नाटक में चार लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कर्नाटक में लोकसभा की कुल 28 सीट हैं। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनावों में इनमें से 25 सीट जीती थीं, जबकि मांड्या सीट पर उसके समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार सुमलता अंबरीश ने जीत हासिल की थी। कांग्रेस और जद(एस) ने एक-एक सीट जीती थी। इस साल मई में हुए 224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 135 सीटों पर जीत मिली, जबकि भाजपा को 66 और जद (एस) को 19 सीटों पर जीत हासिल हुई।