देश भर में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतें आम जनता के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। इसी बीच जम्मू-कश्मीर सरकार ने राज्य के गरीब और वंचित वर्गों को बड़ी राहत देते हुए पात्र परिवारों को साल में छह (6) मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की जनकल्याणकारी योजना को मंजूरी प्रदान की है। सरकार ने विधानसभा सत्र के दौरान महत्वपूर्ण नीतिगत फैसले की आधिकारिक जानकारी साझा की है।
लेह में मिलता है देश का सबसे महंगा सिलेंडर
उल्लेखनीय है कि देश में सबसे महंगा एलपीजी सिलेंडर लद्दाख के लेह क्षेत्र में मिलता है। लेह में 14.2 किग्रा वाला घरेलू सिलेंडर दिल्ली की तुलना में लगभग ₹237 महंगा बिकता है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत दिल्ली से ₹638 अधिक है। आंकड़ों के अनुसार, लेह में कमर्शियल सिलेंडर ₹3,385.50 और घरेलू सिलेंडर ₹1,179 की दर पर उपभोक्ताओं को मिल रहा है। इस भौगोलिक विषमता और आर्थिक बोझ को देखते हुए जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने गरीबों को सीधी वित्तीय और खाद्यान्न सुरक्षा देने के उद्देश्य से यह बड़ा निर्णय लिया है।
अंत्योदय अन्न योजना (AAY) परिवारों को मिलेगा लाभ
‘द ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के (J&K Govt Scheme 2026) मंत्री सतीश शर्मा ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा को अवगत कराया कि अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के तहत आने वाले परिवारों को प्रतिवर्ष छह मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की नीति को सक्षम प्राधिकारी से अंतिम मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना को धरातल पर सुचारू रूप से लागू करने के लिए आवश्यक शासकीय आदेश और दिशानिर्देश जल्द ही जारी किए जाएंगे।


