देशभर से अब मानसून धीरे-धीरे अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है, हालांकि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि बारिश का दौर पूरी तरह थम गया है. मौसम प्रणालियों के सक्रिय रहने के कारण देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, आंधी और वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के साथ-साथ (IMD Weather Forecast) कई हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है.
IMD Weather Forecast – राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज यानी 1 अक्टूबर का दिन लोगों के लिए राहत भरा रहने वाला है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ बना रहेगा. तापमान की बात करें तो आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. दिल्ली में आगामी पांच अक्टूबर तक मौसम खुला रहने वाला है और इस दौरान बारिश का कोई अनुमान नहीं जताया गया है.
यूपी में हल्की बारिश तो बिहार और झारखंड में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में अब मानसून की रफ्तार काफी धीमी पड़ चुकी है, लेकिन आज प्रयागराज, देवरिया, बहराइच, कानपुर, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा और मथुरा समेत कई जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं दूसरी ओर, बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है, जबकि झारखंड में भी आज और कल बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.


