शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम की गतिविधि बदल रही है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में रविवार को बादलों और धूप की आंख-मिचौनी के बीच उमस और भीषण गर्मी की दौर जारी रहा। हालांकि, अगले चार दिन बादलों के बरसने से गर्मी से राहत (Heavy Rain Alert) मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में 18,19 व 20 अप्रैल को छह जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी है।
इसे भी पढ़ें – सूखे जैसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सरकार तैयार : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह
मौसम विभाग ने बिलासपुर, मंडी, चम्बा, शिमला, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में 19 अप्रैल को भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट, जबकि इन जिलों में 18 व 20 अप्रैल को येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान लाहौल-स्पीति और किन्नौर सहित पहाड़ी इलाकों में बर्फ गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 17 अप्रैल यानी सोमवार से प्रदेश में वर्षा व बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है, जो अगले चार दिन तक रहेगा।
इसे भी पढ़ें – केलांग में शादी और त्योहारों में बीयर परोसे जाने पर पाबंदी, फिजूलखर्ची पर लगेगा अंकुश
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि मौसम में ये बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आएगा। 18 से 20 अप्रैल तक राज्य के कुछ स्थानों पर तेज वर्षा व ओलावृष्टि होने की संभावना है। इस दौरान आसमानी बिजली गिरने की भी आशंका है। मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में लोगों को 19 अप्रैल को मौसम के तेवरों से सचेत रहना होगा। इस बीच राज्य में बारिश-बर्फबारी होने से तापमान गिरेगा और गर्मी के प्रकोप से निजात मिलेगी।
Heavy Rain Alert – दरअसल प्रदेश में शुष्क मौसम के बीच गर्मी बेहाल कर रही है। मैदानी इलाकों में चटख धूप और उमस से जनजीवन प्रभावित है। रविवार को भी मैदानी इलाकों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को ऊना का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह राज्य का सबसे गर्म स्थल रहा।