पंचकूला: हरियाणा सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) एवं संबद्ध सेवाओं की प्रारंभिक परीक्षा आगामी 26 अप्रैल को होगी. इस परीक्षा को दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा. हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने (HCS Prelims 2026) परीक्षा संबंधी सभी तैयारियों की समीक्षा भी की है.
93 हजार 696 अभ्यर्थी पंजीकृत: परीक्षा का पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक (सामान्य अध्ययन) और दूसरा सत्र बाद दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक (सीसेट) होगा. इस परीक्षा के लिए कुल 93 हजार 696 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए हैं. अभ्यर्थियों के लिए प्रदेश के आठ जिलों में कुल 337 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड एचपीएससी की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं. वहीं, मुख्य परीक्षा 27-29 जून 2026 तक संभावित है.
प्रीलिम्स परीक्षा में बड़ा बदलाव: हरियाणा सरकार ने एचसीएस परीक्षा पैटर्न में अहम बदलाव किया है, जिसके चलते अब प्रारंभिक परीक्षा 400 अंकों की होगी. इसमें दो वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) प्रश्न पत्र शामिल होंगे. पहले जहां प्रीलिम्स 200 अंकों की होती थी, वहीं अब अंकों की संख्या दोगुनी कर दी गई है. इस बदलाव का मकसद उम्मीदवारों की समग्र समझ, तार्किक क्षमता और विश्लेषण कौशल के आकलन को माना जा रहा है.
इन जिलों में बनाए परीक्षा केंद्र: प्रारंभिक परीक्षा के लिए जिन जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, उनमें- पंचकूला (43) केंद्र, अंबाला (31) केंद्र, फरीदाबाद (80) केंद्र, गुरुग्राम (56) केंद्र, करनाल (48) केंद्र, कुरुक्षेत्र (37) केंद्र, पानीपत (19) केंद्र और यमुनानगर में (23) केंद्र (HCS Prelims 2026) बनाए गए हैं.

