भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने बहुप्रतीक्षित ‘हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा’ (HTET) का आधिकारिक परिणाम जारी कर दिया है। बोर्ड अध्यक्ष शंकर धूपड़ ने परीक्षा परिणाम की घोषणा करते हुए बताया कि इस वर्ष परीक्षा में कुल 16.57 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। परीक्षा 4 और 5 जुलाई को राज्य (HTET result released) भर के 383 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में आयोजित की गई थी, जिसके लगभग डेढ़ महीने बाद बोर्ड ने पारदर्शी तरीके से परिणाम घोषित किए हैं।
HTET result released – शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए प्रदेश भर से कुल 2,33,894 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों में 1,66,137 महिला परीक्षार्थी और 67,157 पुरुष परीक्षार्थी शामिल थे। 4 और 5 जुलाई को आयोजित परीक्षा में कुल 1,92,220 अभ्यर्थी वास्तविक रूप से शामिल हुए।
सफल अभ्यर्थियों में उत्साह
शिक्षक बनने की दिशा में प्रयासरत अभ्यर्थियों के लिए यह परिणाम बेहद अहम माना जा रहा है, जिसे लेकर उत्तीर्ण अभ्यर्थियों में खासा उत्साह है। परीक्षा में सफल न हो पाने वाले अभ्यर्थियों को बोर्ड के नियमों के तहत आगामी सत्र में फिर से तैयारी कर शामिल होने का अवसर मिलेगा। विवरण और मार्कशीट से संबंधित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
